कुकड़ू में जंगली हाथी का तांडव, राशन दुकान की दीवार तोड़कर अनाज किया बर्बाद
देर रात करीब दो बजे हाटटोला में मचाया उत्पात, एक-एक बोरी आटा, मैदा और चीनी खा गया हाथी; ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कुकड़ू: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में जंगली हाथियों का उत्पात अब ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनता जा रहा है। हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में पहले से ही भय का माहौल है। इसी बीच गुरुवार की देर रात करीब दो बजे एक जंगली हाथी ने कुकड़ू हाटटोला में जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने लुबू कुमार की राशन दुकान की दीवार तोड़कर दुकान में रखे खाद्य पदार्थों को खाकर बर्बाद कर दिया।
जानकारी के अनुसार, देर रात भोजन की तलाश में गांव पहुंचे हाथी ने पहले दुकान की दीवार को तोड़ा और फिर अंदर रखे सामान तक पहुंच गया। हाथी ने दुकान में रखी एक बोरी आटा, एक बोरी मैदा और एक बोरी चीनी खा ली। इसके अलावा दुकान में रखे आलू को भी चट कर गया। सुबह जब घटना की जानकारी सामने आई तो दुकान की क्षतिग्रस्त दीवार और बिखरे सामान को देखकर नुकसान का अंदाजा लगाया गया। इस घटना से दुकानदार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
**हाथी आने की सूचना थी, फिर भी बेबस रहे ग्रामीण**
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, हाथी के इलाके में पहुंचने की सूचना पहले ही मिल गई थी। इसके बावजूद ग्रामीण उसे भगाने के लिए कोई कदम नहीं उठा सके। ग्रामीणों का कहना है कि उस समय उनके पास न तो पर्याप्त रोशनी के लिए टॉर्च थी और न ही हाथी को भगाने के लिए पटाखे उपलब्ध थे। ऐसे में अंधेरे में हाथी के सामने जाने का जोखिम उठाना संभव नहीं था। ग्रामीणों ने किसी तरह सुरक्षित दूरी बनाकर रात गुजारी। गनीमत रही कि हाथी के उत्पात के दौरान कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
**हाथियों के आतंक के बीच सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी**
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली हाथियों से सुरक्षा की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाथियों के गांवों में प्रवेश करने से कभी घरों को नुकसान पहुंच रहा है तो कभी दुकानें और खेत निशाने पर आ रहे हैं। रात के समय हाथियों की आवाजाही ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के आने की सूचना मिलने के बाद भी उन्हें तत्काल सुरक्षा और मदद के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं हो पाते हैं। ऐसे में ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर हाथियों को भगाने की स्थिति में नहीं रहते।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने, संवेदनशील गांवों में रात्रि गश्ती बढ़ाने, हाथी भगाने के लिए टॉर्च एवं अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने तथा प्रभावित दुकानदार को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में हाथियों के उत्पात से किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।



