आदित्यपुर में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, आशियाना ट्रेड सेंटर के पास कई दुकानें ध्वस्त
आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए आशियाना ट्रेड सेंटर के समीप अवैध रूप से संचालित दुकानों को ध्वस्त कर दिया। भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमित जमीन को खाली कराने की कार्रवाई की गई।

प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बुलडोजर चलता देख दुकानदार अपने-अपने सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाते नजर आए। इनमें कई दुकानदार ऐसे हैं, जो लंबे समय से यहां दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। दुकानों के हटाए जाने के बाद उनके सामने रोजगार और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम क्षेत्र में बाजार को व्यवस्थित करने और एक ही स्थान पर बेहतर बाजार विकसित करने की योजना के तहत इस स्थल को चिह्नित किया गया है। इसी उद्देश्य से अतिक्रमण हटाकर जमीन खाली कराई जा रही है, ताकि भविष्य में यहां व्यवस्थित बाजार का निर्माण और विकास किया जा सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई से एक ओर जहां बाजार को व्यवस्थित करने की दिशा में पहल मानी जा रही है, वहीं दूसरी ओर वर्षों से यहां कारोबार कर रहे छोटे दुकानदारों के सामने अब नए ठिकाने की तलाश और परिवार की आजीविका चलाने की चुनौती खड़ी हो गई है। दुकानदारों के लिए यह कार्रवाई आर्थिक रूप से भी बड़ा झटका मानी जा रही है।


