हल्दीपोखर में मनाया गया संविधान दिवस, बाबा साहेब के योगदान को किया याद
संविधान के आदर्शों को अपनाने और उनके मूल्यों का सम्मान करने का लिया संकल्प, मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने ग्रामीणों से की अपील

पोटका। हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत भवन में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों, शिक्षकों, महिलाओं, स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों ने भारतीय संविधान के मूल्यों और आदर्शों को याद करते हुए उनके संरक्षण एवं सम्मान का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है, जो प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का अधिकार एवं संदेश देता है।
उन्होंने संविधान निर्माण में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के महत्वपूर्ण योगदान को याद करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया। उन्होंने लोगों से संविधान में निहित आदर्शों को केवल याद रखने के बजाय अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। साथ ही कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान का सम्मान करे और उसके मूल्यों के अनुरूप आचरण करे।
इस अवसर पर पंचायत सचिव जगतपती मंडल, उपमुखिया ओम प्रकाश गुप्ता, पूर्व उपमुखिया नीलकांत मंडल, वार्ड सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहिया साथी, स्वास्थ्य सहिया, जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाएं, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उप
स्थित रहे।


