अभिषेक भारती की गिरफ्तारी पर पत्रकारों में आक्रोश, संविधान दिवस पर प्रेस क्लब ने उठाई आवाज, राज्यपाल और मुख्यमंत्री से नौ सूत्री मांग
सरायकेला। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी का मामला अब पत्रकार संगठनों के विरोध का विषय बनता जा रहा है। गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां ने गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह के नेतृत्व में पत्रकारों ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम नौ सूत्री मांगपत्र सौंपा।

इस दौरान पत्रकारों ने प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। प्रेस क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है। लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में पत्रकारों के खिलाफ होने वाली किसी भी कार्रवाई में कानून और निष्पक्षता का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब कानून के खिलाफ नहीं है और न ही किसी आरोपी को बचाने की वकालत करता है। लेकिन सवाल यह है कि कानून का इस्तेमाल सभी के लिए एक समान क्यों नहीं होना चाहिए? उन्होंने पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दर्ज मामले में भी समान तत्परता से कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रमोद सिंह ने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो और दोषी कानून से बच न सके। उन्होंने दोनों प्राथमिकी की जांच के लिए पुलिस मुख्यालय की निगरानी में स्वतंत्र विशेष जांच दल गठित करने की मांग की। साथ ही अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के कानूनी आधार की समीक्षा और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही।
प्रेस क्लब ने नाबालिग पीड़िता के मामले में भी निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। पत्रकारों ने कहा कि पीड़िता की सुरक्षा और पहचान की गोपनीयता सर्वोपरि होनी चाहिए। इसके अलावा पीड़िता पर किसी भी तरह का दबाव बनाए जाने की आशंका की जांच भी जरूरी है।
पत्रकार संगठन ने झारखंड सरकार से राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की। संगठन का कहना है कि पत्रकारों के खिलाफ दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई रोकने के लिए ठोस व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने के साथ पत्रकारों की शिकायतों की सुनवाई के लिए स्वतंत्र राज्यस्तरीय व्यवस्था बनाने की मांग की गई।
प्रेस क्लब ने चेतावनी दी कि यदि नौ सूत्री मांगों पर उचित संज्ञान नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। इसके लिए राज्य के अन्य पत्रकार संगठनों से संपर्क कर चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
संगठन ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति का विरोध करना नहीं, बल्कि संविधान में निहित अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, पत्रकारों की सुरक्षा और निष्पक्ष न्याय की मांग को मजबूती से उठाना है।
प्रेस क्लब की ओर से ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, गृह विभाग, पुलिस महानिदेशक, भारतीय प्रेस परिषद और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को भी भेजने के लिए तैयार की गई है।


