चुना भट्टा मैदान बचाने को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल, दूसरे दिन भी नहीं पहुंची मेडिकल टीम

आदित्यपुर के वार्ड नंबर 20 स्थित गुमटी बस्ती के चुना भट्टा मैदान को बचाने और कथित अवैध जमाबंदी रद्द करने की मांग को लेकर मैदान बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की गई है।


भाजपा नेता सह संघर्ष समिति के सचिव विशु महतो अपने समर्थकों के साथ 15 सितंबर 2026 से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। बुधवार को भूख हड़ताल का दूसरा दिन है।
समिति का आरोप है कि अनशन स्थल पर प्रशासन की ओर से अब तक न तो मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है और न ही पुलिस बल या मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई है। समिति के मुताबिक, इस संबंध में सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी को पहले ही आवेदन देकर मेडिकल टीम, मजिस्ट्रेट और विधि-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्था की मांग की गई थी।
संघर्ष समिति के सचिव विशु महतो ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अनशन के दूसरे दिन भी मेडिकल टीम और मजिस्ट्रेट का नहीं पहुंचना गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और जमीन माफिया के बीच मिलीभगत है और चुना भट्टा मैदान की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।
विशु महतो ने कहा कि उनकी लड़ाई संवैधानिक तरीके से जारी है और जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
अब देखना होगा कि चुना भट्टा मैदान को लेकर चल रहे इस विवाद और भूख हड़ताल पर प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाया जाता है।


