बिरसा मुंडा स्टेडियम बचाने को 18 सितंबर को रैली, संगठनों ने किया उलगुलान का ऐलान

सरायकेला में वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम को बचाने की मांग को लेकर प्रस्तावित रैली को लेकर संगठनों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है।


16 सितंबर को तितरबिला स्थित जाहेरा स्थल पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 18 सितंबर 2026 को प्रस्तावित “वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम बचाओ उलगुलान” रैली पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।
संगठनों की ओर से सरायकेला-खरसावां जिले के साथ-साथ रांची, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और ओडिशा के मयूरभंज से भी लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि रैली को लेकर जिले के विभिन्न गांवों में लगातार बैठकें की जा रही हैं और लोगों को आंदोलन से जुड़ने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
बैठक में राष्ट्रीय कोल सेना के जिला अध्यक्ष विष्णु बानरा, आदिवासी हो समाज महासभा की जिला अध्यक्ष सावित्री कुदादा, ऑल इंडिया हो लैंग्वेज एक्शन कमिटी झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष सावन सोय, आदिवासी भूमिज मुंडा समाज के अध्यक्ष दिवाकर सरदार, आदिवासी महासभा के जिला अध्यक्ष गणेश गगराई, मानकी मुंडा संघ के जिला अध्यक्ष झारखंड बोदरा समेत कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
संगठनों ने लोगों से 18 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर “वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम बचाओ उलगुलान” को समर्थन देने का आह्वान किया है।


