Newsझारखण्डसरायकेला

आदित्यपुर में कल 11 बजे से निकलेगा डहरे करम परब, खड़कई नदी से शुरू होगा पारंपरिक नाच-गान

आदित्यपुर, कुड़मी सेना की ओर से आयोजित करम महोत्सव के तहत रविवार को सुबह 11 बजे खड़कई नदी से डहरे करम परब की शुरुआत होगी। इस दौरान कुड़मी समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में नाचते-गाते और ढोल-नगाड़ों की थाप पर खड़कई ब्रिज से आदित्यपुर फुटबॉल मैदान तक पहुंचेंगे। इस आयोजन के माध्यम से कुड़मी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान को प्रदर्शित किया जाएगा।

आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में पिछले 21 वर्षों से करम महोत्सव के आयोजन की परंपरा लगातार जारी है। इस परंपरा की नींव जमशेदपुर के पूर्व दिवंगत सांसद स्वर्गीय सुनील महतो ने रखी थी। अब कुड़मी सेना इस सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।

इस वर्ष करम महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन में झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद है। महोत्सव में पारंपरिक करम नृत्य, लोकगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

कुड़मी सेना के केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो ने बताया कि इस बार डहरे करम परब के माध्यम से समाज की संस्कृति और पहचान को विशेष अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि करम नाच हमारी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने समाज के लोगों से डहरे करम परब और करम महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

Share this news