चांडिल स्नातक में सीट बढ़ाने और सभी छात्र-छात्राओं की नामांकन सुनिश्चित कराने की मांग पर एआईडीएसओ की ओर से सिंहभूम कॉलेज में एक दिवसीय धरना संपन्न

सिंहभूम कॉलेज चांडिल में स्नातक (UG) सत्र 2026-30 में सीटों की कटौती किए जाने के कारण क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों का नामांकन नहीं हो पाया है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। इसके विरोध में आज छात्र संगठन ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन (एआईडीएसओ) सिंहभूम कॉलेज कमेटी चांडिल की ओर से कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने एकदिवसीय धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया गया।


*धरना को संबोधित करते हुए उपस्थित छात्र संगठन एआईडीएसओ सिंहभूम कॉलेज कमिटी के सचिव राजा प्रमाणिक ने कहा कि* स्नातक में सीट बढ़ाने और सभी छात्र-छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर एआईडीएसओ की ओर से लगातार आंदोलन चलाया जा रहा है। विगत दिनों ज्ञापन, ईमेल और ट्वीट के माध्यम से कोल्हान विश्वविद्यालय वीसी और राज्यपाल महोदय को आवेदन दिया गया था लेकिन संज्ञान में नहीं लिये जाने के कारण आज धरना में बैठने के लिए बाध्य होना पड़ा।

*सिंहभूम कॉलेज कमेटी के इंचार्ज सह जिला सचिव युधिष्ठिर प्रमाणिक ने कहा कि* सिंहभूम कॉलेज चांडिल, चांडिल अनुमंडल क्षेत्र का एकमात्र डिग्री कॉलेज है जो कि आसपास के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में सीटों में कमी का सीधा असर विशेष रूप से ग्रामीण, गरीब एवं सामान्य परिवारों के विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। वहीं कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत ही घाटशिला कॉलेज, घाटशिला में सभी छात्र-छात्राओं का नामांकन लिया गया ऐसे में कहीं ना कहीं कॉलेज के साथ अन्यायपूर्ण भेदभाव किया जा रहा है। आज पुनः कोल्हान वीसी को ज्ञापन के माध्यम से सीट बढ़ाने का मांग किया गया अन्यथा अनिश्चितकालीन धरना मे बैठने की चेतावनी दिया गया व जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय एवं कॉलेज प्रशासन की होगी।
आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से एआईडीएसओ झारखंड राज्य सचिवमंडली सदस्य प्रदीप यादव, जिला अध्यक्ष विशेश्वर महतो, सचिव युधिष्ठिर प्रमाणिक व कॉलेज कमिटी से सचिव राजा प्रमाणिक, राहुल महतो, ख़ुशी पोद्दार, निर्मल, सत्या प्रमाणिक व दर्जनों नामांकन से वंचित छात्र- छात्राएं उपस्थित थे ।


