Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सख्ती, लंबित मामलों के जल्द निपटारे के निर्देश

सरायकेला:

जिले में विधि-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान क्राइम रिव्यू बैठक में सभी थाना प्रभारियों के साथ अपराध की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी रणनीति तय की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने नए आपराधिक कानूनों के तहत मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों को विभिन्न विषयों पर संक्षिप्त प्रशिक्षण भी दिया गया। विशेष रूप से ई-साक्ष्य यानी डिजिटल साक्ष्यों के संग्रहण और अपलोड की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि अनुसंधान कार्य को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक में आगामी समीक्षा को लेकर भी रूपरेखा तैयार की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करें। साथ ही अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी और साइबर अपराध जैसे मामलों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जल्द ही सभी थाना प्रभारियों के लिए फर्स्ट एड प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा आधुनिक तकनीक से जुड़े विषयों पर विशेष प्रशिक्षण शिविर भी लगाने की योजना है, जिससे पुलिस बल को और अधिक दक्ष बनाया जा सके।

बैठक में सरायकेला और चांडिल के एसडीपीओ, प्रशिक्षु डीएसपी, सभी थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this news