Newsझारखण्डसरायकेला

आदित्यपुर में JLKM कार्यालय पर बवाल, जिला अध्यक्ष पर गंभीर आरोपों से मचा सियासी घमासान

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा यानी (JLKM) के आदित्यपुर कार्यालय में उस वक्त जबरदस्त बवाल मच गया, जब सैकड़ों कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष दीपक महतो के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जवाब मांगने पहुंच गए। मामला गम्हरिया भाग-1 के प्रखंड अध्यक्ष गोपाल चंद्र महतो के निष्कासन पत्र से शुरू हुआ, जिसे कार्यकर्ताओं ने एकतरफा और तुगलकी फैसला बताया।

 

लेकिन मामला सिर्फ संगठनात्मक विवाद तक सीमित नहीं रहा। हंगामा उस वक्त और बढ़ गया जब एक ग्रामीण महिला ने गंभीर आरोप लगाया कि बेटे की मौत के बाद मिलने वाले सरकारी मुआवजे में से एक लाख रुपये की मांग की गई, और पैसे नहीं देने पर मुआवजा रुकवाने की धमकी दी गई। आरोप सीधे जिला अध्यक्ष दीपक महतो के ऊपर लगे, जिसके बाद पार्टी के अंदर भूचाल आ गया।

 

हालांकि आज दीपक महतो ने मीडिया के सामने पलटवार करते हुए सभी आरोपों को बे-बुनियाद और राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की मदद के लिए उन्होंने खुद मेहनत कर सभी दस्तावेज तैयार करवाए और मुआवजा राशि दिलवाई। लेकिन इस बीच कृष्णा तंतुबाई ने पीड़ित से एक लाख रुपये वसूले और उस रकम का बंटवारा प्रखंड अध्यक्ष गोपाल महतो के साथ किया गया।

 

दीपक महतो ने यह भी कहा कि उन पर चेक छीनने का आरोप लगाया गया, लेकिन अगर ऐसा हुआ था तो उसी समय FIR क्यों नहीं हुई? उन्होंने साफ आरोप लगाया कि पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी और उनका तथाकथित ब्लैक टीम गुट पार्टी पर दबाव बनाकर संगठन को तोड़ना चाहता है। उनका मकसद उन्हें जिला अध्यक्ष पद से हटाकर अपना व्यक्ति बैठाना और जिले में वसूली का नेटवर्क खड़ा करना है।

 

यानि अब मामला साफ है — जेएलकेएम के अंदर संगठन नहीं, वर्चस्व की लड़ाई चल रही है।

एक तरफ रिश्वत और मुआवजा घोटाले के आरोप, दूसरी तरफ साजिश और पार्टी तोड़ने के दावे।

 

सवाल यह है कि सच्चाई किसके साथ है?

क्या वाकई मुआवजे के नाम पर वसूली हुई, या फिर जिला अध्यक्ष को हटाने के लिए आरोपों की पटकथा लिखी गई?

 

फिलहाल इतना तय है कि जेएलकेएम में अंदरूनी कलह अब खुलकर सड़क पर आ चुकी है, और अगर जल्द सच सामने नहीं आया तो पार्टी की साख पर गहरा असर पड़ना तय है।

जनता देख रही है कि संघर्ष परिवर्तन का दावा करने वाली पार्टी के भीतर ही अब आरोप, उगाही और कुर्सी की लड़ाई चरम पर है।

Share this news