सरायकेला में विधिक जागरूकता अभियान के तहत प्रभात फेरी आयोजित

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) सरायकेला द्वारा 90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA), रांची के निर्देशन एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष DLSA सरायकेला श्री रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।



प्रभात फेरी सिविल कोर्ट परिसर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों से होते हुए निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) ने भाग लिया और आम लोगों को उनके विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा न्याय तक पहुंच के बारे में जागरूक किया।

अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर संचालित विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है, खासकर श्रमिक वर्ग एवं वंचित समुदाय को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना। प्रभात फेरी के माध्यम से लोगों को कानूनी सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के तहत पैरा लीगल वॉलंटियर्स के लिए एक प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया। DLSA सरायकेला के सचिव श्री तौसीफ मेराज ने बताया कि यह विशेष अभियान 28 अप्रैल 2026 से शुरू हुआ है, जो आगामी 90 दिनों तक लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान श्रमिकों से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों जैसे फैक्ट्री अधिनियम, मातृत्व लाभ अधिनियम एवं वेतन भुगतान अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि PLVs इन जानकारियों को समाज के जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें।
यह पहल समाज के हर वर्ग को विधिक रूप से सशक्त बनाने और न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

