संविधान दिवस संघर्ष, बलिदान और लोकतांत्रिक मूल्यों को याद करने का अवसर : हरेलाल महतो
भाजपा नेता ने कहा- संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी प्रतीक

सरायकेला : संविधान दिवस के अवसर पर भाजपा नेता हरेलाल महतो ने संविधान के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों के योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को मनाया जाने वाला संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और संविधान निर्माताओं के संघर्ष, त्याग और योगदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ हमें संविधान के प्रति सम्मान और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश देती है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे देशभर में लागू किया गया। वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को आधिकारिक रूप से संविधान दिवस घोषित किया।
हरेलाल महतो ने कहा कि भारत की आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के संघर्ष एवं बलिदान का परिणाम है। भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, खुदीराम बोस और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे वीर सपूतों ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा दी। वहीं, रानी लक्ष्मीबाई, बेगम हजरत महल, सरोजिनी नायडू और विजयलक्ष्मी पंडित जैसी वीरांगनाओं का योगदान भी अविस्मरणीय है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती विविधताओं से भरे भारत को एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था में बांधने की थी। इसके लिए 9 दिसंबर 1946 को संविधान सभा की पहली बैठक हुई। डॉ. राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता और डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व वाली प्रारूप समिति ने दो वर्ष, 11 महीने और 18 दिनों के विचार-विमर्श के बाद भारतीय संविधान तैयार किया। संविधान में विभिन्न देशों की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और संवैधानिक अनुभवों को भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप शामिल किया गया।
झारखंड के योगदान का उल्लेख करते हुए हरेलाल महतो ने कहा कि संविधान निर्माण में इस क्षेत्र की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संविधान सभा में अविभाजित बिहार से चुने गए सदस्यों में झारखंड क्षेत्र की कई विभूतियां शामिल थीं। इनमें मारांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा, बोनिफेस लकड़ा, देवेंद्र नाथ सामंत, रामनारायण सिंह, कृष्ण बल्लभ सहाय, यदुवंश सहाय, अमीय कुमार घोष और विनोदानंद झा प्रमुख थे। इसके अलावा प्रभुदयाल हिम्मतसिंहका का योगदान भी उल्लेखनीय है, जिनकी जड़ें झारखंड की मिट्टी से जुड़ी थीं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक अधिकार तथा संवैधानिक उपचारों का अधिकार प्रदान करता है। ये मौलिक अधिकार लोकतंत्र की आधारशिला हैं। संविधान ने छुआछूत के उन्मूलन, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और छह से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का भी प्रावधान किया है।
हरेलाल महतो ने कहा कि संविधान केवल नागरिकों को अधिकार ही नहीं देता, बल्कि उनके प्रति कुछ जिम्मेदारियां भी निर्धारित करता है। राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान करना, कानून का पालन करना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना तथा जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर आपसी भाईचारा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस का वास्तविक उद्देश्य संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना है। एक सशक्त, समृद्ध और स्वाभिमानी भारत का निर्माण तभी संभव है, जब देश का प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करे।


