भाजपा के राष्ट्रीय संगठक नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी से मिले हरेलाल महतो, संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी रहे मौजूद, क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक गतिविधियों पर हुआ मंथन

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चिलगु स्थित भाजपा नेता हरेलाल महतो के कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठक नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी के जमशेदपुर प्रवास के दौरान हरेलाल महतो ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौजूद रहे।
इस दौरान नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी और हरेलाल महतो के बीच पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों, क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों तथा जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी ने संगठन के प्रति समर्पण, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने पार्टी की विचारधारा और संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।

वहीं, हरेलाल महतो ने वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने संगठन की विचारधारा और नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप क्षेत्र में पार्टी को मजबूत बनाने तथा जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश भास्कर, मनोज गुप्ता, उमेश रंजन साहू, पवन बजाज, जिला महामंत्री डॉ. भूषण मुर्मू, रविशंकर मौर्या, सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, दिवाकर सिंह, जिला युवा मोर्चा महामंत्री युधिष्ठिर महतो, उपाध्यक्ष मनोरंजन महतो, चौका मंडल अध्यक्ष चामू राम भुइयां, धनंजय मंडल, प्रभाकर महतो, राधा गोविंदा गुप्ता, गोपेश महतो और तुलसी महतो सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


