Saturday, July 4, 2026
Latest:
JamshedpurNewsझारखण्ड

हरमोहन महतो ने सरकार से की मांग, तारापदो महतो के परिवार को मिले सरकारी नौकरी और आंदोलनकारियों पर दर्ज केस हों वापस

जमशेदपुर: बिष्टुपुर में हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने की पहल के बीच अब घाटशिला के दिवंगत तारापदो महतो के परिजनों को भी सरकारी नौकरी देने की मांग तेज हो गई है। इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया से लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों के बीच लगातार चर्चा हो रही है।

जानकारी के अनुसार, इसी वर्ष जनवरी में घाटशिला में तारापदो महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब कई लोग जनप्रतिनिधियों और सरकार से उनके परिवार के पुनर्वास एवं सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।

इस बीच झारखंड आंदोलनकारी हरमोहन महतो ने कहा कि तारापदो महतो के परिवार को न्याय दिलाने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सभी सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों को एकजुट होकर सरकार के समक्ष आवाज उठानी चाहिए।

हरमोहन महतो ने यह भी मांग की कि तारापदो महतो हत्याकांड के विरोध में आंदोलन करने वाले लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। उनका कहना है कि प्रशासन और मृतक के परिजनों के बीच हुई वार्ता में मुकदमे वापस लेने पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने प्रशासन से समझौते का सम्मान करते हुए आंदोलनकारियों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लेने की मांग की। वहीं माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर और अधिक तूल पकड़ सकता है।

Share this news