चांडिल में HLM ट्रॉफी सीजन-05 का भव्य आगाज, जय तारा ने फाइनल में बनाई जगह
सरायकेला-खरसावां: जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत धातकीडीह-भादूडीह में मंगलवार को दो दिवसीय विशाल फुटबॉल प्रतियोगिता HLM ट्रॉफी सीजन-05 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन नागा संन्यासी जूना अखाड़ा के पूर्व अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पारडीह काली मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती ने किया। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले फुटबॉल मैदान में ही समाजसेवी हरेलाल महतो ने केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान मौजूद लोगों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। बताया गया कि समाजसेवी हरेलाल महतो के जन्मदिन के अवसर पर जन सेवा ही लक्ष्य संस्था की ओर से प्रत्येक वर्ष फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।

प्रतियोगिता को देखने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पहुंचने लगे। देखते ही देखते पूरा मैदान दर्शकों से खचाखच भर गया। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन को लेकर दर्शकों में भी जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला।
HLM ट्रॉफी सीजन-05 में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन आठ टीमों के बीच मुकाबले हुए। दिन के रोमांचक मुकाबले में जय तारा, मुदीडीह-चांडिल और बम-बम भोले, चांडिल की टीमें आमने-सामने हुईं। निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद मुकाबले का फैसला ट्राई ब्रेकर से हुआ। ट्राई ब्रेकर में जय तारा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 गोल दागे, जबकि बम-बम भोले की टीम 3 गोल ही कर सकी। इस जीत के साथ जय तारा ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को शेष आठ टीमें मैदान में उतरेंगी। इन मुकाबलों के बाद विजेता टीम का फाइनल मुकाबला जय तारा के साथ होगा।
समापन समारोह में रक्तदान शिविर और सांस्कृतिक कार्यक्रम
HLM ट्रॉफी सीजन-05 के समापन अवसर पर जन सेवा ही लक्ष्य की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। ब्रह्मानंद नारायणा हृदयालय ब्लड बैंक की टीम की मौजूदगी में बुधवार को दिनभर रक्तदान कराया जाएगा। इसके साथ ही नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न बीमारियों की जांच की जाएगी।
वहीं, प्रतियोगिता के समापन समारोह को यादगार बनाने के लिए भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड के सुप्रसिद्ध गायक नितेश कच्छप एंड टीम अपनी प्रस्तुति देंगे।

कार्यक्रम में सरायकेला-खरसावां जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, नीमडीह जिला परिषद सदस्य असित सिंह पात्र, पूर्व जिला परिषद सदस्य मधुसूदन गोराई, भादूडीह मुखिया बुद्धेश्वर बेसरा, चिलगु मुखिया शत्रुघ्न सिंह, रूदिया मुखिया सुबोधनी माहली, नंदन कुंज पात्र, भरत महतो, दुर्योधन गोप, माधव सिंह मुंडा, रामकेवल सिंह, विजय सिंह, मनोरंजन ठाकुर, गोपेश महतो, दिनेश महतो, लक्ष्मीकांत महतो, गुरुचरण महतो सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।



