Newsझारखण्ड

पटमदा में शिक्षकों की कमी पर छात्रों ने किया सड़क जाम, लिखित आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

पटमदा: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय, चौरा में शिक्षकों की कमी से नाराज छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने पटमदा बाजार के सिद्धो-कान्हू चौक के समीप टाटा-पटमदा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। छात्र सड़क पर बैठ गए और विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।

 

सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। विद्यार्थियों का कहना था कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। उनका आरोप था कि शिक्षकों की कमी दूर करने को लेकर लंबे समय से आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।

 

मामले की सूचना मिलने पर पटमदा थाना प्रभारी बिष्णु चरण भोगता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी से फोन पर बातचीत कर विद्यार्थियों की समस्या की जानकारी दी। इसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को छात्रों से बातचीत के लिए भेजा गया, लेकिन तत्काल सहमति नहीं बन सकी।

 

विद्यार्थी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे रहे। इस दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्ति व्यवस्था को समाप्त करने और आश्वासन के बजाय ठोस कार्रवाई की मांग करते हुए नारे लगाए।

 

बाद में करीब साढ़े 12 बजे जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी, विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, थाना प्रभारी बिष्णु चरण भोगता, सीआई अजय कुमार मुंडा, समाजसेवी विश्वनाथ महतो और छात्र प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई। वार्ता के दौरान शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यालय में एक विज्ञान शिक्षक और एक हिंदी शिक्षक की प्रतिनियुक्ति किए जाने की जानकारी दी।

 

इसके अलावा एसआईआर कार्य में लगाए गए एक शिक्षक को बुधवार से दोबारा विद्यालय में योगदान देने संबंधी लिखित आदेश भी विद्यार्थियों को दिखाया गया। लिखित आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया और सड़क से हट गए।

 

लगभग दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद टाटा-पटमदा मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। छात्रों ने स्पष्ट किया कि विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता और पढ़ाई की व्यवस्था पर वे आगे भी नजर बनाए रखेंगे।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया