Jamshedpurझारखण्डसरायकेला

डबल डाउन बार हत्याकांड के बाद बड़ा एक्शन: एहतेशाम वकारिब बने जमशेदपुर के नए SSP, मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां की कमान

जमशेदपुर: डबल डाउन बार हत्याकांड के बाद झारखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में नए पुलिस कप्तानों की नियुक्ति की है। सरकार ने आईपीएस अधिकारी एहतेशाम वकारिब को पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) का नया वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया है, जबकि 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

मनोज स्वर्गियारी मूल रूप से असम के बोडो समुदाय से हैं। उनका जन्म 28 जून 1991 को हुआ था। उन्होंने आईआईटी गुवाहाटी से बी.टेक की पढ़ाई पूरी की और वर्ष 2017 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करने के बाद 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी बने।

गौरतलब है कि बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के बाद कोल्हान में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। घटना के विरोध में लगातार प्रदर्शन, राजनीतिक बयानबाजी और प्रशासनिक जवाबदेही की मांग तेज हो गई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम के तत्कालीन एसएसपी और सरायकेला-खरसावां के एसपी को पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया था।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे में नए पुलिस अधिकारियों के सामने दोनों जिलों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, आम लोगों का विश्वास बहाल करना और चर्चित मामलों की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच सुनिश्चित करना सबसे बड़ी चुनौती होगी।

Share this news