मोहर्रम को लेकर कपाली में शांति समिति की बैठक, हुड़दंगियों और अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डांगरडीह स्थित सामुदायिक भवन में आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर सोमवार को शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा मोहर्रम जुलूस कमेटी के सदस्यों ने भाग लेकर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर चर्चा की।


बैठक में चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नितिन शिवम गुप्ता, एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपी किशन, वार्ड पार्षद पूजा कुमारी महतो, अंजना सिंह समेत विभिन्न अखाड़ा एवं मोहर्रम जुलूस कमेटियों के सदस्य उपस्थित थे।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम त्याग, बलिदान और भाईचारे का पर्व है। सभी समुदायों के लोगों को आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाना चाहिए। प्रशासन ने जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों तथा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की हुड़दंग, अशांति या भड़काऊ गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि मोहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न हो सके।


