Newsझारखण्डसरायकेला

खरसावां के कोतवालवादी जंगल में युवक ने पेड़ से फांसी लगाकर की आत्महत्या, शादी के 10 दिन बाद हुई दर्दनाक घटना

खरसावां थाना क्षेत्र के कोतवालवादी जंगल में गुरुवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने जब सुबह शौच के लिए जंगल की ओर रुख किया तो उन्होंने एक युवक को गमछे के सहारे पेड़ से लटका देखा। इसके बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान कुचाई प्रखंड के तोडागाड़ीह निवासी एवं वर्तमान में कोतवालवादी में रह रहे 21 वर्षीय राम सिंह सोय, पिता चंद्र सोय के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, राम सिंह सोय ने लगभग 10 दिन पूर्व चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र के पुरनापानी गांव की युवती पुर्वमती सुंडी से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ सामान्य जीवन जी रहा था।

परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम को आने वाले एक पारंपरिक विवाहिक रस्म “माड़ा पिटा” को लेकर घर में तैयारी चल रही थी। इसी दौरान राम सिंह सोय से आर्थिक जरूरत को लेकर पैसे की मांग की गई, जिस पर विवाद हो गया। इसी बात से वह मानसिक रूप से तनाव में आ गया था।

बताया जाता है कि गुरुवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच वह घर से निकलकर जंगल की ओर चला गया और लगभग एक किलोमीटर दूर पेड़ से गमछा के सहारे फांसी लगा ली।

सुबह शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और खरसावां थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी और घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है।

Share this news