Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में झामुमो की जिला स्तरीय बैठक, संगठन विस्तार और SIR अभियान को लेकर बनी रणनीति

 

 

सरायकेला: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सरायकेला-खरसावां जिला समिति एवं विभिन्न वर्ग संगठनों की संयुक्त बैठक बुधवार को सरायकेला परिसदन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में खरसावां विधायक दशरथ गगराई शामिल हुए।

 

बैठक में संगठन को बूथ स्तर से लेकर पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर तक अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न वर्ग संगठनों की भूमिका को प्रभावी बनाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

 

बैठक का मुख्य फोकस भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान पर रहा। इस दौरान निर्णय लिया गया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता और वर्ग संगठन अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसके तहत मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने, जागरूकता अभियान चलाने तथा यह सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।

 

इसके अलावा सभी प्रखंडों और नगर क्षेत्रों में नियमित संगठनात्मक बैठकें आयोजित करने, कार्यों की समीक्षा करने तथा पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप दायित्व सौंपने पर भी सहमति बनी। बैठक में जनसंपर्क अभियान को तेज करने और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

 

विधायक दशरथ गगराई ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से SIR अभियान के दौरान पूरी जिम्मेदारी के साथ लोगों की सहायता करने और अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

 

जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि झामुमो की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत बनाने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में लोगों का सहयोग करने की अपील की।

 

बैठक में पार्टी के केंद्रीय एवं जिला पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों, सचिवों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Share this news