राजनगर: नवल किशोर ठाकुर की सेवानिवृत्ति पर विद्यालय में भावुक विदाई समारोह

राजनगर:
सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत बाना पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय हामन्दा में शुक्रवार को विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक नवल किशोर ठाकुर के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान समारोह सह भावभीनी विदाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर उनके लंबे शिक्षकीय योगदान को याद किया।


समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नवल किशोर ठाकुर ने अपने लगभग 34 वर्षों के सेवाकाल में शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दिया। उन्होंने हमेशा अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण के साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उनके शिक्षण से प्रेरित होकर अनेक छात्र-छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर चुके हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर अपने प्रिय शिक्षक के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। विद्यालय परिवार, ग्रामीणों और समाजसेवियों ने श्री ठाकुर को शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की।
जानकारी के अनुसार, नवल किशोर ठाकुर ने 5 अगस्त 1994 को अपनी शिक्षकीय सेवा शुरू की थी। 31 जुलाई 2026 को वे विधिवत सेवानिवृत्त हुए। उनके सम्मान में आयोजित विदाई समारोह भावुक माहौल में संपन्न हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखने की बात कही।

