चक्रधरपुर–राउरकेला NH-320D के चौड़ीकरण की मांग तेज, सांसद जोबा माझी ने गडकरी से की मुलाकात

चक्रधरपुर: सिंहभूम संसदीय क्षेत्र की सांसद जोबा माझी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र की लंबित सड़क और आधारभूत संरचना से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से उठाया। सांसद ने जनहित और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए लंबित परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया।


मुलाकात के दौरान सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग-320डी के अंतर्गत चक्रधरपुर से राउरकेला तक लगभग 106 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग दोहराई। उन्होंने बताया कि यह मार्ग झारखंड और ओडिशा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय राजमार्ग है, लेकिन कई स्थानों पर सड़क संकरी होने और तीखे मोड़ों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
उन्होंने सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्रों में जाम की समस्या का भी जिक्र करते हुए इन स्थानों पर फ्लाईओवर या बाईपास निर्माण की मांग रखी। सांसद का कहना है कि इससे यातायात सुगम होगा और टाटानगर तथा राउरकेला जैसे प्रमुख औद्योगिक शहरों के बीच संपर्क और मजबूत होगा। साथ ही बीजू एक्सप्रेस-वे से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने पर पूरे जनजातीय क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा सांसद जोबा माझी ने सिंहपोखरिया–झींकपानी, झींकपानी–तालाबुरू और तालाबुरू–केंदपोसी रेलवे समपार फाटकों पर प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज के निर्माण का मुद्दा भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष उठाया और इन परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया।
गौरतलब है कि सांसद जोबा माझी इससे पहले भी इन्हीं मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर चुकी हैं। एक बार फिर इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद क्षेत्रवासियों को सड़क और यातायात से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।


