Newsझारखण्डसरायकेला

आठ सूत्री मांगों को लेकर पंचायत सहायकों का आंदोलन तेज, 5 अगस्त को सीएम आवास घेराव का ऐलान

 

कुकड़ू बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, समान मानदेय, सेवा नियमावली व बीमा सहित कई मांगें उठाईं

कुकड़ू : सरायकेला खरसावां जिला के कुकड़ू प्रखंड कार्यालय में राज्यस्तरीय पंचायत सहायक संघ के आह्वान पर पंचायत सहायकों ने अपनी आठ सूत्री मांगों के समर्थन में 5 अगस्त को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की घोषणा की है। इस संबंध में मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित आंदोलन की जानकारी दी गई।ज्ञापन में पंचायत सहायकों ने कहा है कि वर्षों से लंबित मांगों के समाधान के लिए सरकार से लगातार आग्रह किया जाता रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे पंचायत सहायकों में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि मांगों के समर्थन में राज्यभर के पंचायत सहायक 5 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे।ज्ञापन में मुख्यमंत्री से संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता कराने, समान कार्य के लिए समान मानदेय लागू करने, पंचायत सहायकों के लिए सेवा नियमावली लागू करने, पदों पर 70 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने, सेवाकाल के दौरान मृत्यु होने पर आश्रितों को नियोजन देने, पंचायत सहायकों का बीमा कराने, ब्लॉक स्तर पर मॉनिटरिंग सेल गठित करने तथा नगर निकाय में शामिल पंचायत क्षेत्रों के सहायकों के समायोजन सहित आठ प्रमुख मांगें रखी गई हैं।पंचायत सहायकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। ज्ञापन पर कुकड़ू प्रखंड के कई पंचायत सहायकों के हस्ताक्षर अंकित हैं। मौके पर शिवानी महतो, शरत सिंह मुंडा, सुजीत महतो, गुसाई मनी महतो, सस्ता कुमार, संजय महतो समेत कई पंचायत सहायक उपस्थित रहे

Share this news