पत्रकार एकता मंच की विचार गोष्ठी एवं बैठक आयोजित, पत्रकारिता की चुनौतियों पर हुई चर्चा

राजनगर : पत्रकार एकता मंच कोल्हान की विचार गोष्ठी सह बैठक रविवार को हेंसल स्थित एनएच-88 रेस्टोरेंट में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता विजय साव ने की, जबकि संचालन महासचिव सुनील पांडेय ने किया। कार्यक्रम में राजनगर प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार एवं थाना प्रभारी विपुल ओझा मुख्य रूप से उपस्थित थे। संगठन की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।



विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए बीडीओ मलय कुमार ने कहा कि लोकतंत्र के अन्य तीन स्तंभों की तुलना में चौथे स्तंभ को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वास्तविकताओं से आंख मूंदने से समस्याएं बढ़ती हैं। सरकार की मंशा हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है और पत्रकार भी यदि योजनाओं का लाभ लेना चाहें तो प्रशासन सहयोग के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि समय के साथ स्वयं को अपडेट रखना बेहद जरूरी है। जरूरत के अनुसार अपने कार्य के औजार और तकनीक को दुरुस्त रखना ही अस्तित्व बनाए रखने का आधार है। पत्रकारों को इथिक्स और ह्यूमैनिटी को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाए रखने के लिए सही समय पर सही निर्णय लेना भी जरूरी होता है। भीड़ कभी-कभी संगठन के अस्तित्व के लिए चुनौती बन सकती है। उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों पर चर्चा करते हुए “फ्रेमिंग ऑफ क्वेश्चन” एवं “एक्सक्यूटिंग ऑफ रिस्पॉन्सिबिलिटी” जैसे विषयों पर भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर कोल्हान पत्रकार एकता मंच के टी-शर्ट का लोकार्पण बीडीओ मलय कुमार एवं थाना प्रभारी विपुल ओझा के हाथों किया गया।
संगठन के ट्रस्टी दीपक कुमार ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने संगठन के सदस्यों से आपसी संवाद बनाए रखने की अपील की।
महासचिव सुनील पांडेय ने विभिन्न एजेंडों पर चर्चा के लिए सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए। विजय साव ने नियमित रूप से गूगल मीट के माध्यम से संवाद स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संगठन के कार्यालय, बीमा एवं सदस्यता शुल्क जैसे विषयों की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया।
रास बिहारी मंडल ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए वरिष्ठ सदस्यों के विचारों का समर्थन किया। अनिमेष अंबष्ट ने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब प्रत्येक सदस्य सकारात्मक सोच के साथ आगे आएगा। वहीं रवि गोप ने कहा कि आपसी तालमेल के कारण संगठन कोल्हान में बेहतर कार्य कर रहा है और आने वाले समय में और अधिक पत्रकारों को जोड़कर इसे मजबूत किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने संगठन हित में कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

