24 घंटे के महाजाम के बीच विधायक गायब! स्थानीय जनप्रतिनिधि की निष्क्रियता पर भड़के लोग

24 घंटे के महाजाम के बीच विधायक गायब! स्थानीय जनप्रतिनिधि की निष्क्रियता पर भड़के लोग


राजनगर क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से जारी महाजाम और तनावपूर्ण हालात के बीच स्थानीय विधायक की अनुपस्थिति को लेकर लोगों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है। सड़क हादसे में मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर जनता सड़क पर है, हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम है, प्रशासन मौके पर डटा हुआ है, लेकिन अब तक स्थानीय विधायक के प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंचने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब पूरा इलाका संकट की स्थिति से गुजर रहा है, तब क्षेत्र के जनप्रतिनिधि का मौके पर न पहुंचना उनकी निष्क्रियता को दर्शाता है। लोगों का आरोप है कि जनता ने जिन पर भरोसा कर प्रतिनिधित्व सौंपा, वही मुश्किल समय में जनता के बीच मौजूद नहीं हैं।
लगातार 24 घंटे से सड़क जाम है, आम जनजीवन प्रभावित है, लोग मुआवजे और न्याय की मांग को लेकर डटे हुए हैं, लेकिन स्थानीय विधायक की चुप्पी और दूरी ने लोगों की नाराजगी और बढ़ा दी है। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि अगर विधायक समय रहते हस्तक्षेप करते, तो शायद समाधान का रास्ता निकल सकता था।
अब लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि जब जनता संकट में है तो जनप्रतिनिधि आखिर कहाँ हैं? क्षेत्र में बढ़ते जनाक्रोश के बीच विधायक की गैरमौजूदगी राजनीतिक चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।

