राजनगर में राशन वितरण में देरी, 60 पीडीएस दुकानदारों को अब तक नहीं मिला अनाज

सरायकेला/राजनगर: राजनगर प्रखंड में राशन वितरण की व्यवस्था प्रभावित होने से करीब 60 जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों और उनसे जुड़े कार्डधारियों की परेशानी बढ़ गई है। निर्धारित समय पर अनाज उपलब्ध नहीं होने के कारण कई दुकानों में राशन वितरण शुरू नहीं हो सका है। इसे लेकर बड़ी संख्या में राशन डीलर राजनगर स्थित पीडीएस गोदाम पहुंचे और जल्द खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की।


जानकारी के अनुसार राजनगर प्रखंड में कुल करीब 100 पीडीएस दुकानें संचालित हैं। इनमें लगभग 40 दुकानदारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि बाकी करीब 60 दुकानदार अभी राशन मिलने का इंतजार कर रहे हैं। डीलरों का कहना है कि राशन नहीं पहुंचने के कारण कार्डधारी लगातार दुकानों पर पहुंचकर वितरण शुरू होने की जानकारी मांग रहे हैं। ऐसे में डीलरों को भी लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ रही है।
डीलरों के मुताबिक, राजनगर के सरकारी गोदाम में खाद्यान्न उपलब्ध होने के बावजूद आवंटन और वितरण की प्रक्रिया में आई रुकावट के कारण दुकानदारों तक राशन नहीं पहुंच पाया। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक स्तर पर हुए बदलाव के बाद प्रखंड में एमओ और एजीएम से संबंधित जिम्मेदारियों में भी परिवर्तन हुआ, जिसका असर राशन आवंटन की प्रक्रिया पर पड़ा।
इधर, व्यवस्था को सामान्य करने के लिए सरायकेला के एमओ को राजनगर का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने की प्रक्रिया शुरू होने की बात सामने आई है। डीलरों को उम्मीद है कि पदभार और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद राशन का आवंटन तेजी से किया जाएगा।
राशन डीलरों का कहना है कि यदि समय पर आवंटन पूरा कर खाद्यान्न उपलब्ध करा दिया जाता है, तो कार्डधारियों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए राशन वितरण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाए।
अब सभी की नजर बुधवार से संभावित राशन वितरण पर टिकी है। यदि प्रशासनिक प्रक्रिया समय पर पूरी हो जाती है और डीलरों को खाद्यान्न मिल जाता है, तो कई दिनों से राशन का इंतजार कर रहे कार्डधारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।


