भीषण गर्मी को लेकर स्कूल समय में बदलाव की मांग, विधायक प्रतिनिधि सनत आचार्य ने सौंपा ज्ञापन

सरायकेला-खरसावां: जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि सनत आचार्य ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर विद्यालयों के समय में कटौती करने का आग्रह किया है।



सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि सरायकेला विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे झारखंड में इन दिनों तापमान लगभग 42 डिग्री तक पहुंच रहा है, जिससे स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में सुबह 11:30 बजे तक स्कूलों का संचालन छोटे बच्चों के लिए असहनीय साबित हो रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि भीषण गर्मी और कई स्कूलों में पर्याप्त सुविधाओं के अभाव के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कई बच्चों में नाक से खून आना, सिरदर्द जैसी समस्याएं देखने को मिल रही हैं, जो चिंता का विषय है।
विधायक प्रतिनिधि सनत आचार्य ने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि वे अपने विशेषाधिकार का उपयोग करते हुए स्कूलों के समय में आवश्यक परिवर्तन करें, ताकि बच्चों को इस भीषण गर्मी से राहत मिल सके और उनकी सेहत सुरक्षित रह सके।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेगा।

