LatestNewsझारखण्डसरायकेला

अस्मिता सिटी लीग का आगाज, खिलाड़ियों के जज्बे ने धूप को दी मात

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के तत्वावधान में आयोजित अस्मिता सिटी लीग प्रतियोगिता के तहत सोमवार को फुटबॉल, वॉलीबॉल और तीरंदाजी प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ हुआ। भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि जिले की पहचान कला के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की अपील करते हुए कहा कि चिलचिलाती धूप भी उनके हौसले को नहीं डिगा सकती। विशेष रूप से बालिकाओं के उत्साह और आत्मविश्वास की उन्होंने सराहना की।

उन्होंने बताया कि हाल ही में तीन नए खेल मैदानों का शुभारंभ किया गया है, जहां अब नियमित रूप से प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य टीम भी मुस्तैद रही।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य ने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मंच और अवसर की है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से आई बालिकाओं के प्रदर्शन को प्रेरणादायक बताया।

वॉलीबॉल में गम्हरिया का दबदबा

वॉलीबॉल प्रतियोगिता में गम्हरिया की टीमों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। अंडर-14 वर्ग में केपीएस गम्हरिया ने गम्हरिया गर्ल्स को हराकर खिताब जीता, जबकि अंडर-17 वर्ग में भी केपीएस गम्हरिया ने बालिका सनसनी को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

फुटबॉल में नीमडीह बनी चैंपियन

फुटबॉल के अंडर-14 वर्ग में गम्हरिया इलेवन ने जीत दर्ज की। वहीं अंडर-17 वर्ग में नीमडीह की टीम ने खरसावां कस्तूरबा को 2-0 से हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। सेमीफाइनल में खरसावां कस्तूरबा ने सरायकेला को ट्राई ब्रेकर में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

कार्यक्रम में जिला ओलंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो, तीरंदाजी संघ के सचिव सुमंत मोहंती, स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के अगले चरण में मंगलवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में कबड्डी और एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसे लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Share this news