Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में स्व-जनगणना अभियान का शुभारंभ, नागरिकों से ऑनलाइन जानकारी अपडेट करने की अपील

सरायकेला: नगर पंचायत, सरायकेला में शनिवार को स्व-जनगणना अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने नगर पंचायत कार्यालय से की। इस मौके पर उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर नगरवासियों से इस महत्वपूर्ण पहल में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सही और अद्यतन जानकारी ही सुदृढ़ मतदाता सूची तथा मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला होती है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें और किसी भी त्रुटि का समय रहते सुधार करें।

कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अविनाश कवि एवं वार्ड पार्षद गौतम नायक ने भी पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी-अपनी जानकारी अपडेट की। उन्होंने आम नागरिकों को डिजिटल माध्यम से स्व-जनगणना अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। जनप्रतिनिधियों की यह पहल पारदर्शिता और डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अध्यक्ष चौधरी ने बताया कि नागरिक मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट खोलकर साइन अप या लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद नए मतदाता के रूप में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 का चयन कर आवश्यक जानकारी भरनी होगी और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन सबमिट करने के बाद प्राप्त आवेदन संख्या को सुरक्षित रखना जरूरी है, ताकि भविष्य में स्थिति की जानकारी ली जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी नागरिक को जानकारी दर्ज करने में कोई समस्या आती है, तो वे नगर पंचायत कार्यालय, संबंधित बीएलओ या निर्वाचन कर्मियों से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

नगर पंचायत, सरायकेला ने सभी पात्र नागरिकों, खासकर नए मतदाताओं से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

Share this news