सरायकेला-खरसावां: जिले के आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक संज्ञान लिया। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, जबकि अन्य मामलों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
जनता दरबार में चांडिल प्रखंड के हमसदा क्षेत्र में सेविका चयन से जुड़े विवाद, अनुकंपा नियुक्ति के मामले, निर्धारित मजदूरी दर से कम भुगतान किए जाने की शिकायत, आदित्यपुर क्षेत्र में भूमि विवाद, अतिक्रमण हटाओ अभियान को जारी रखने की मांग, पेयजल संकट, पीसीसी सड़क निर्माण एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत से संबंधित आवेदन प्रमुख रूप से प्राप्त हुए। इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन कार्ड, पेंशन तथा अन्य जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों पर भी लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी माध्यम है और जिला प्रशासन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।