Newsझारखण्डसरायकेला

उपायुक्त ने विकास योजनाओं की समीक्षा की, लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

उपायुक्त ने विकास योजनाओं की समीक्षा की, लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

 

सरायकेला : समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न कार्य प्रमंडलों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।

 

बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभागवार योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली और धीमी गति से चल रहे कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

 

उपायुक्त ने कहा कि जिन योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनका शीघ्र उद्घाटन एवं लोकार्पण कराया जाए। वहीं निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय अवधि में पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से मिल सकें।

 

समीक्षा बैठक में कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने सभी कार्य एजेंसियों को स्वीकृत प्राक्कलन, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता मापदंडों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभियंताओं को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करने को कहा।

 

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन संवेदकों द्वारा कार्यों में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है या संविदा की शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे संवेदकों को ब्लैकलिस्ट करने, कार्य वापस लेने तथा अन्य संविदात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

 

बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों और कार्य एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ काम करते हुए विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निर्धारित समय में आम नागरिकों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

SEO

Share this news