Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला-खरसावां में विकास योजनाओं की डीसी ने की मासिक समीक्षा, लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

 

 

सरायकेला- समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न कार्य प्रमंडलों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

उपायुक्त ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित एवं धीमी गति से चल रही योजनाओं में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं में देरी के कारणों की पहचान कर उनका तत्काल समाधान किया जाए और प्रगति की नियमित समीक्षा हो।

 

उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का नियमित स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। कार्य स्वीकृत प्राक्कलन, तकनीकी मानकों एवं निर्धारित गुणवत्ता मापदंडों के अनुरूप कराने पर जोर दिया गया।

 

उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग समेत आमजन की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं का शीघ्र समाधान करने को कहा।

 

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि कार्य में अनावश्यक विलंब करने अथवा संविदा की शर्तों का पालन नहीं करने वाले संवेदकों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। आवश्यकतानुसार कार्य वापस लेने और काली सूची में दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू करने का निर्देश दिया गया।

 

उपायुक्त ने पूर्ण हो चुकी योजनाओं की आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर उन्हें आमजन के उपयोग के लिए समर्पित करने को कहा, ताकि लोगों को समय पर मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Share this news