Newsझारखण्डसरायकेला

महतो ढाबा के पास खड़े ट्रक में हाईवा ने मारी जोरदार टक्कर, चालक गंभीर

 

सरायकेला: सरायकेला-राजनगर मुख्य सड़क पर महतो ढाबा के समीप बुधवार की अहले सुबह करीब चार बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से तेज रफ्तार हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हाईवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसा। हादसे में हाईवा चालक वाहन के अंदर फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल चालक को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है।

 

हादसे के कारण सरायकेला-राजनगर मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। घटनास्थल पर पुलिस के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी हुई है।

Share this news