LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में 60 लाख की आठ विकास योजनाओं का शिलान्यास, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति

सरायकेला: सरायकेला जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने बुधवार को करीब 60 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत आठ विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। ये योजनाएं 15वें वित्त आयोग की अनुशंसा के तहत स्वीकृत की गई हैं। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

शिलान्यास के साथ ही संबंधित पंचायतों में विकास कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। स्वीकृत योजनाओं में स्नान घाट, पेवर ब्लॉक सड़क, जलमीनार और पीसीसी सड़क निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन, पेयजल सुविधा और आधारभूत ढांचे का लाभ मिलेगा।

 

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में जिला परिषद ने ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न पंचायतों में अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं सफलतापूर्वक पूरी हुईं, जबकि कुछ योजनाएं विभागीय स्तर पर विलंब के कारण अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ सकीं।

 

उन्होंने भरोसा जताया कि चुनाव से पहले लंबित विकास कार्यों को पूरा कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। यदि किसी कारण से कुछ योजनाएं अधूरी रह जाती हैं तो अगले कार्यकाल में उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

 

सोनाराम बोदरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जिला परिषद की प्राथमिकता है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों को इसी तरह गति दी जाती रहेगी।

Share this news