Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला-खरसावां में अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, 12 वाहन जब्त, 13.45 लाख रुपये की वसूली

 

 

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन, बालू के अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई, जिसमें संवेदनशील मार्गों पर चेकपोस्ट स्थापित करने, नियमित वाहन जांच और संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी ने बताया कि 22 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 12 वाहनों को पकड़ा गया। इस दौरान करीब 3 हजार सीएफटी बालू जब्त किया गया तथा 13 लाख 45 हजार रुपये की राशि वसूल की गई। वहीं, एक प्राथमिकी अथवा शिकायत भी दर्ज की गई है।

 

कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर, छह हाइवा, तीन 407 वाहन और दो ईचर पकड़े गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

 

उपायुक्त ने संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरने वाले प्रमुख मार्गों पर खनन टास्क फोर्स की निगरानी में चेकपोस्ट स्थापित करने का निर्देश दिया। साथ ही संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने और राष्ट्रीय हरित अधिकरण यानी एनजीटी के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

 

वहीं, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने संबंधित विभागों और पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध खनन और परिवहन से जुड़ी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने तथा अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों और वाहनों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया।

 

बैठक में सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान चलाने तथा जरूरत पड़ने पर संयुक्त छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। वर्षाकाल में नदी घाटों से बालू के अवैध उठाव और परिवहन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को

कहा है।

 

 

Share this news