सिंहभूम कॉलेज चांडिल में सीट कटौती से हजारों छात्र नामांकन से वंचित, 12 सितंबर को एआईडीएसओ करेगा धरना-प्रदर्शन

चांडिल। सिंहभूम कॉलेज चांडिल में स्नातक (UG) सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए सीटों में कटौती किए जाने से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थी नामांकन से वंचित रह गए हैं। इससे विद्यार्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है और उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित होने की आशंका है। सीट बढ़ाने और सभी योग्य विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर छात्र संगठन एआईडीएसओ की ओर से 12 सितंबर 2026 को सिंहभूम कॉलेज चांडिल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।


एआईडीएसओ सिंहभूम कॉलेज कमिटी के सचिव राजा प्रमाणिक ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीट कटौती के मामले को लेकर संगठन की ओर से पूर्व में कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके अलावा ईमेल के माध्यम से झारखंड के राज्यपाल और कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन को भी मामले से अवगत कराते हुए सीटों में बढ़ोतरी की मांग की गई थी। इसके बावजूद अब तक विश्वविद्यालय एवं कॉलेज प्रशासन की ओर से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
एआईडीएसओ सिंहभूम कॉलेज कमिटी के इंचार्ज सह जिला सचिव युधिष्ठिर प्रमाणिक ने कहा कि सिंहभूम कॉलेज चांडिल पूरे चांडिल अनुमंडल क्षेत्र का प्रमुख डिग्री कॉलेज है। आसपास के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी यहां उच्च शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। ऐसे में सीटों में कटौती का सबसे अधिक असर ग्रामीण, गरीब और सामान्य परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय के घाटशिला कॉलेज में विद्यार्थियों के नामांकन को लेकर पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराया गया है, जबकि सिंहभूम कॉलेज चांडिल के विद्यार्थी नामांकन से वंचित रह जा रहे हैं। संगठन का आरोप है कि इससे चांडिल क्षेत्र के विद्यार्थियों के साथ भेदभाव जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। एआईडीएसओ ने मांग की है कि सभी योग्य एवं प्रभावित विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित करने के लिए कॉलेज में UG की सीटों में तत्काल बढ़ोतरी की जाए और नामांकन प्रक्रिया फिर से शुरू की जाए।
एआईडीएसओ की प्रमुख मांगें
1. सिंहभूम कॉलेज चांडिल में स्नातक (UG) की सीटों में तत्काल बढ़ोतरी की जाए।
2. नामांकन से वंचित सभी योग्य विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए।
3. विद्यार्थियों के हित में अविलंब नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाए।
एआईडीएसओ ने चेतावनी दी है कि यदि विद्यार्थियों की जायज मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन आने वाले दिनों में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। संगठन ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय एवं कॉलेज प्रशासन की होगी।
एआईडीएसओ ने क्षेत्र के सभी प्रभावित विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा प्रेमी लोगों से 12 सितंबर को सिंहभूम कॉलेज चांडिल पहुंचकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।


