झारखण्डसरायकेला

चांडिल अनुमंडल में एक और भीषण सड़क हादसा, तिरुलडीह के डाटम में कार ने दो बाइकों को मारी टक्कर, तीन युवक गंभीर

तिरुलडीह के डाटम गांव स्थित बिरसा मुंडा चौक के समीप हुआ हादसा, घायलों को एम्बुलेंस से इलाज के लिए जमशेदपुर भेजा गया – पुलिस ने कार और दोनों बाइक जब्त की

 

कुकडू, 10 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। मंगलवार को चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर रावताड़ा चौक के समीप एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इसी बीच अनुमंडल क्षेत्र में एक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है। तिरुलडीह थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ब्रीजा कार ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिरुलडीह थाना क्षेत्र के डाटम गांव स्थित बिरसा मुंडा चौक के समीप दो बाइकों पर सवार होकर तीन युवक जा रहे थे। इसी दौरान एक ब्रीजा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH 22 H – 4499) ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान डाटम निवासी अनंत सिंह मुंडा, चिरंजीत महतो तथा पश्चिम बंगाल निवासी एक अन्य युवक के रूप में हुई है।

 

हादसे की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ब्रीजा कार और दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है।

 

इधर, दुर्घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ता अरुण महतो अपने समर्थकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने “जन सेवा ही लक्ष्य” की ओर से संचालित एम्बुलेंस की व्यवस्था कर तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर भिजवाया।

 

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर चांडिल अनुमंडल में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही दिन में दो अलग-अलग हादसों में एक युवक की मौत और तीन युवकों के गंभीर रूप से घायल होने की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता और आक्रोश है।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया