कुकड़ू में डीसी का औचक निरीक्षण, बालिका आवासीय विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की कक्षाओं, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, रसोईघर समेत अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित पदाधिकारियों से पठन-पाठन और छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा छात्राओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कक्षाओं, परिसर, रसोईघर और अन्य उपयोगी स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।

नियमित कंप्यूटर शिक्षा और बेहतर पठन-पाठन पर जोर
कंप्यूटर लैब के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी कक्षाओं की छात्राओं को नियमित कंप्यूटर शिक्षा दी जाए। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहे, बल्कि छात्राओं को इसका व्यावहारिक ज्ञान भी दिया जाए।
उन्होंने विद्यालय में खराब पड़े स्मार्ट क्लास को जल्द शुरू कराने तथा आवश्यक उपकरण एवं सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया।
उपायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली और छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही छात्राओं को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।
छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश
उपायुक्त ने विद्यालय के रसोईघर और भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्धारित रोस्टर के अनुसार छात्राओं को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा छात्राओं के पोषण और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने को कहा।
उन्होंने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। खेल एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यवहारिक कौशल विकसित करने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि किसी आवश्यक सुविधा, सामग्री या उपकरण की कमी अथवा खराबी के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सुविधाओं के संचालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिरुलडीह का भी किया निरीक्षण
क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिरुलडीह का निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने दवाओं, आवश्यक संसाधनों, चिकित्सा कक्ष, प्रतीक्षालय, शौचालय एवं परिसर की स्थिति का जायजा लिया।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि केंद्र में आने वाले मरीजों को सुगम, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र परिसर और सभी कक्षों में नियमित साफ-सफाई तथा बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मरीजों को समय पर इलाज और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने विद्यालय एवं स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने तथा छात्राओं और आमजनों को बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


