तुमंग में गणेश पूजा पंडाल का हुआ भव्य उद्घाटन, जिप सदस्य अमोदिनी महतो ने फीता काटकर की शुरुआत

राजनगर: प्रखंड क्षेत्र में गणेश चतुर्थी को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। विभिन्न गांवों और बाजारों में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर आकर्षक पूजा पंडाल सजाए गए हैं। इसी क्रम में राजनगर भाग-17 की जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो ने तुमंग में गणेश पूजा पंडाल का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।


उद्घाटन के अवसर पर अमोदिनी महतो ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी का पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता है। भगवान गणेश सभी के जीवन से विघ्न-बाधाओं को दूर करें और क्षेत्र में सुख-समृद्धि बनी रहे, यही उनकी कामना है।
गणेश पूजा को लेकर पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। गणेश उत्सव को लेकर आसपास के ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। राजनगर मुख्य बाजार समेत विभिन्न गांवों में भी गणपति की पूजा धूमधाम से की जा रही है।
उद्घाटन के दौरान पूजा समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


