Newsझारखण्डसरायकेला

बारिश में ढह गई पारगामा पंचायत भवन की छत, जनसेवाएं हुई बाधित

 

पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से किया नया भवन निर्माण की मांग

 

कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के पारगामा पंचायत भवन की जर्जर स्थिति आखिरकार सामने आ ही गई, जब गुरुवार दोपहर तेज बारिश के बाद अचानक उसकी छत भरभरा कर गिर गई। घटना के समय भवन में पंचायत कर्मी और कुछ ग्रामीण मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

 

घटना के बाद पंचायत सचिव, मुखिया और रोजगार सेवक सहित अन्य कर्मियों के लिए बैठने और कार्य करने की कोई सुरक्षित व्यवस्था नहीं बची है। भवन की दीवारों और कमरों में सरिया बाहर आ चुके हैं और गहरी दरारें स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। इससे पंचायत कार्यालय में होने वाली सभी तरह की जनसेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं।

गौरतलब है कि पारगामा पंचायत भवन से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, मनरेगा, पीएम आवास योजना सहित कई विकास योजनाओं से जुड़ी सेवाएं प्राप्त करते हैं। भवन क्षतिग्रस्त होने से अब ग्रामीणों को आवश्यक सेवाओं के लिए इधर-उधर भटकना पड़ सकता है।

 

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द नया पंचायत भवन स्वीकृत किया जाए और निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो पंचायत स्तरीय कार्यों की गति और भी धीमी हो जाएगी, जिससे आम जनता की परेशानी बढ़ेगी। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि पहले से ही बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन जी रहे लोगों को अब पंचायत कार्यालय न होने से और मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *