पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की तैयारी जोरों पर, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की तैयारी अंतिम चरण में है। इस बैठक में भाग लेने के लिए विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रांची पहुंच रहे हैं।


सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी के स्तर से इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है। रांची जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में भी परिवर्तन किया है और पुलिसकर्मियों की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है।
बैठक में अंतरराज्यीय संबंधों और विवादों पर विशेष चर्चा होगी। झारखंड सरकार कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाएगी, जिनमें कोयला कंपनियों पर बकाया राशि का भुगतान, जल जीवन मिशन के तहत केंद्र पर बकाया राशि का भुगतान और मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे कल्याणकारी योजनाओं के लिए धन की मांग शामिल है। झारखंड उग्रवाद प्रभावित जिलों की संख्या को 18 से घटाकर 14 किए जाने से होने वाले नुकसान की भरपाई की भी मांग करेगा।
बैठक में भाग लेने के लिए बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उड़ीसा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव रांची पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी बैठक में भाग लेंगे।

