झारखंड में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, 18 शक्तिशाली आईईडी बम बरामद
झारखंड में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिले की सीमा पर जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान 18 शक्तिशाली आईईडी बम बरामद किए गए, जिनमें से प्रत्येक का वजन करीब तीन किलोग्राम था। बम निरोधक दस्ते ने सभी बमों को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।


पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादियों ने सीमा से लगे जंगलों में विस्फोटक छिपाकर सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई है। इसके बाद चाईबासा पुलिस, खूंटी पुलिस, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया।
यह कार्रवाई अड़की थाना क्षेत्र के कोचांग के पास की गई, जो पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिलों की सीमा पर स्थित है। इस इलाके में लंबे समय से माओवादी गतिविधियां सक्रिय हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, असीम मंडल, अजय महतो, जयकांत, रापा मुंडा सारंडा-कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों की योजना बना रहे हैं।
सुरक्षाबलों की मुस्तैदी से एक बड़ी घटना टल गई है। राज्य पुलिस और अर्धसैनिक बलों की टीम लगातार सघन अभियान चला रही है।

