स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 के लिए सरायकेला और गम्हरिया में कार्यशाला का आयोजन
सरायकेला-खरसावां जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 के सफल क्रियान्वयन हेतु सरायकेला और गम्हरिया प्रखंडों में एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जिला समन्वयक (IEC) और जिला समन्वयक (SLWM) ने प्रतिभागियों को स्वच्छ सर्वेक्षण की प्रक्रिया, मूल्यांकन मानकों, डाटा एंट्री प्रक्रिया और जनभागीदारी के महत्व पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।


कार्यशाला में संबंधित प्रखंडों के पंचायती राज पदाधिकारी, पंचायत सचिव, मुखिया, जल सहिया, रोजगार सेवक, स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधियों और फील्ड स्तरीय कर्मियों ने भाग लिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी उपस्थित कर्मियों को स्वच्छता के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन और सामुदायिक सहभागिता को सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को आगामी सर्वेक्षण में जिले के प्रदर्शन को सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

