LatestNewsझारखण्डसरायकेला

श्रीनाथ विश्वविद्यालय में फेयरवेल समारोह का आयोजन, अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई

सरायकेला: श्रीनाथ विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट में एमबीए, एम.कॉम., बीबीए एवं बी.कॉम. (ऑनर्स) के अंतिम सत्र के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान भावनात्मक माहौल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव देखने को मिला।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. एन. सिंह ने अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक सफर के सफल समापन पर बधाई देते हुए कहा कि ईमानदारी, अनुशासन और निरंतर सीखने की इच्छा ही जीवन में सफलता का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने तथा विश्वविद्यालय से अपना जुड़ाव बनाए रखने का आह्वान किया।

स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के विभागाध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय महतो ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में बिताया गया समय उनके व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की सफलता की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने छात्रों से यहां अर्जित ज्ञान, आत्मविश्वास और मूल्यों को अपने व्यावसायिक एवं सामाजिक जीवन में आगे बढ़ाने की अपील की।

फेयरवेल समारोह में जूनियर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत, नृत्य, खेल और मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और कैंपस जीवन की यादों को भावुक अंदाज में याद किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण फेयरवेल टाइटल्स की घोषणा रही। स्नातक वर्ग में अर्जुन साहू को मिस्टर फेयरवेल और हर्षिता को मिस फेयरवेल का खिताब दिया गया। वहीं स्नातकोत्तर वर्ग में अक्षत को मिस्टर फेयरवेल तथा सिमरन को मिस फेयरवेल चुना गया।

कार्यक्रम का समापन भावुक माहौल में हुआ, जहां अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने शिक्षकों का आशीर्वाद और साथियों की यादों के साथ अपने जीवन के नए सफर की ओर कदम बढ़ाया। विश्वविद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल, सफल और समृद्ध भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Share this news