Newsझारखण्डसरायकेला

RKFL सरायकेला कोलाबिरा प्लांट-5 में भव्य रक्तदान शिविर, पहले दो घंटे में ही 200 यूनिट रक्त संग्रह  

 

 

 

सरायकेला के कोलाबिरा स्थित आरकेएफएल प्लांट-5 में आज एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्लांट के सीओओ श्री शक्ति सेनापति एवं सीएचआरओ श्री भूपेंद्र लोधी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर विधिवत रूप से किया।

 

उद्घाटन के बाद रक्तवीरों ने कतारबद्ध होकर सबसे पहले स्वास्थ्य जांच कराई और फिर उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में युवाओं, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का जोश देखते ही बन रहा था।

 

इस अवसर पर प्लांट के सेफ्टी इंचार्ज नवीन सिन्हा ने जानकारी दी कि पिछली बार 500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया था, जिसे निर्धारित समय से पहले ही पूरा कर लिया गया था। कई युवा रक्तदान नहीं कर सके थे, इसलिए इस बार लक्ष्य को बढ़ाकर 700 यूनिट किया गया है। उन्होंने बताया कि उद्घाटन के महज दो घंटे के भीतर ही 200 यूनिट रक्त संग्रह हो चुका है, जिससे यह उम्मीद की जा रही है कि शाम तक निर्धारित लक्ष्य को हासिल कर लिया जाएगा।

 

नवीन सिन्हा ने कहा, “आरकेएफएल कंपनी समाज कल्याण के प्रति सदैव जागरूक रही है। जब भी आसपास के क्षेत्र में किसी को रक्त की आवश्यकता होती है, कंपनी तत्परता से रक्त उपलब्ध कराती है।”

 

वहीं मौके पर मौजूद रक्त संग्रह टीम के डॉ. सिंह ने आरकेएफएल प्रबंधन को धन्यवाद देते हुए कहा, “इस प्लांट में हर बार रक्तदान को लेकर एक अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। आशा है, यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी और आज के शिविर में 700 यूनिट के लक्ष्य को हम निश्चित ही पूरा करेंगे।”

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *