खरसावां में जिला फुटबॉल लीग-2025 के मुकाबले जारी, एसएमसी प्रधानगोड़ा और ग्रीन एरिया दलभंगा ने दर्ज की जीत
खरसावां, 24 जुलाई


झारखंड फुटबॉल संघ के निर्देश पर सरायकेला-खरसावां जिला खेल संघ द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग-2025 (अर्जुना कप) के अंतर्गत गुरुवार को दो मुकाबले खेले गए। मुकाबले खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में संपन्न हुए।
दिन के पहले मैच में एसएमसी प्रधानगोड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसके स्पॉटिंग हरिभंजा को 3-0 से हराया। मैच के पांचवें मिनट में सुधीर टुडू ने पहला गोल किया, जिससे टीम को शुरुआती बढ़त मिली। इसके बाद 45वें मिनट में बीरसिंह माझी ने दूसरा गोल किया। वहीं, 47वें मिनट में सुधीर टुडू ने एक और गोल करते हुए अपनी टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई।
इस मुकाबले में रेफरी की भूमिका संतोष महतो, अनुराग सोय, विकास कुमार एवं कृष्णा पाड़ेया ने निभाई।
दूसरे मैच में ग्रीन एरिया दलभंगा की टीम ने सरना एकेडमी सेनेडीह को 7-3 से पराजित किया। मैच की शुरुआत से ही दलभंगा की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। धुना हेंब्रम ने पहला और मार्टिन पूर्ति ने दूसरा गोल दागा। इसके बाद संजय मुंडा ने तीन गोल (हैट्रिक) कर टीम की बढ़त को मजबूत किया। अंत में हरिदेव मुंडा ने सातवां गोल करते हुए जीत सुनिश्चित की।
वहीं, सरना एकेडमी की ओर से शंकर हेंब्रम ने दो तथा डी. हेंब्रम ने एक गोल किया।
इस मैच का संचालन सुखदेव गौड़, एन. के. सिंहदेव, कृष्णा पाड़ेया एवं लक्ष्मण सरदार ने किया।
आगामी मुकाबले
प्रतियोगिता के अंतर्गत 25 जुलाई को दो मुकाबले खेले जाएंगे।
पहला मैच दोपहर 2 बजे डीएस ब्रदर्स सरमाली बनाम जिया स्पॉटिंग सीनी के बीच खेला जाएगा,
जबकि दूसरा मैच शाम 4 बजे दीनबंधु एफसी चक्रधरपुर बनाम तूड़ियान एफसी खरसावां के बीच होगा।

