JamshedpurNewsझारखण्ड

आरोग्य जागरूकता सप्ताह में कुष्ठ रोग पर जागरूकता फैलाने के लिए लगाया गया विशेष स्टॉल, डॉ. राजीव लोचन ने सराहा प्रयास  

 

 

जमशेदपुर:राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड की ओर से 22 जुलाई से 28 जुलाई 2025 तक रांची के नामकुम स्थित आई.पी.एच. कैंपस में आरोग्य जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया। इस सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विभिन्न शाखाओं ने अपने-अपने स्टॉल लगाए, जिनमें आम जनता को विभिन्न बीमारियों की जानकारी दी गई।

 

इस मौके पर पूर्वी सिंहभूम के जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने कुष्ठ रोग विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का दौरा किया और वहां दिए जा रहे जानकारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से जनमानस में बीमारी के प्रति सही जानकारी और जागरूकता फैलती है, जो समय पर इलाज की दिशा में अहम भूमिका निभाती है।

 

स्टॉल में डॉ. सुहैल अंसारी (जिला कुष्ठ परामर्शी – रांची) एवं राजेश्वर कुमार द्वारा आगंतुकों को कुष्ठ रोग के लक्षण, प्रकार, इलाज, दिव्यांगता से बचाव और पुनर्वास के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। स्टॉल पर आने वाले हर व्यक्ति को यह बताया गया कि कुष्ठ रोग पूरी तरह से इलाज योग्य है और सरकारी अस्पतालों में एमडीटी दवा पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध है।

 

डॉ. राजीव लोचन ने बताया कि जल्दी पहचान और समय पर इलाज से कुष्ठ रोग से होने वाली दिव्यांगता को रोका जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि चालू वित्तीय वर्ष (1 अप्रैल 2025 से) से नए कुष्ठ रोगियों को Food Supplements for Patients योजना के तहत प्रत्येक माह ₹500 की सहायता राशि दी जा रही है। इस योजना के अंतर्गत पीबी (P.B.) मरीजों को कुल ₹3000 और एमबी (M.B.) मरीजों को कुल ₹6000 की राशि उनके बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित की जा रही है।

 

कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के इस पहल की सराहना की और जनहित में ऐसे आयोजन नियमित तौर पर किए जाने की आवश्यकता जताई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *