नगर निकायों में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण की पात्रता तय कर जल्द कराए जाएं चुनाव : मनोज चौधरी
राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम पहुंची सरायकेला, डोर टू डोर सर्वे का लिया जायजा


सरायकेला।
नगर निकायों में पिछड़ा वर्ग को आरक्षण दिए जाने की पात्रता निर्धारण को लेकर मंगलवार को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम सरायकेला पहुंची। आयोग की यह टीम जिले में ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया के तहत डोर टू डोर सर्वे का निरीक्षण कर रही है।
इस दौरान सरायकेला परिसदन में आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव, सदस्य नंदकिशोर मेहता एवं लक्ष्मण यादव का नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मौके पर श्री चौधरी ने राज्य आयोग को ज्ञापन सौंपते हुए आग्रह किया कि पिछड़ा वर्ग के आरक्षण की पात्रता जल्द निर्धारित की जाए, ताकि लंबे समय से लंबित नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराए जा सकें।
श्री चौधरी ने बताया कि वर्तमान में नगर निकायों में निर्वाचित जनप्रतिनिधि नहीं होने से आम नागरिकों को कई तरह की प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग से हुई बातचीत सकारात्मक रही, और आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव ने भरोसा दिलाया कि सर्वेक्षण कार्य पूर्ण होते ही मतदाता सूची की त्रुटियों को सुधार कर शीघ्र चुनाव की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।
राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम ने जिले के संबंधित अधिकारियों से भी जानकारी प्राप्त की और सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

