Newsझारखण्डसरायकेला

भीमखांदा में निःशुल्क स्वास्थ्य, नेत्र जांच एवं रक्तदान शिविर

 

गुरुजी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि के साथ हुआ आयोजन, 50 यूनिट रक्त संग्रह – 285 ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

 

राजनगर। भीमखांदा मंदिर एवं मस्ती का पाठशाला स्कूल परिसर में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, नेत्र जांच शिविर एवं रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुजी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर गुरुजी के योगदान को नमन किया।

 

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में केपी सोरेन, रुद्र प्रताप महतो, गोपाल कुमार, छोटू लाल महतो, नागेश्वर राव, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष राम सिंह हेंब्रम, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष लालू हांसदा, श्याम सुंदर टुडू, सोनाराम सोरेन समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे। इस दौरान केपी सोरेन ने कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता और अधिकारों के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने झारखंड के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया।

जनहितकारी इस कार्यक्रम का आयोजन श्री साईं सेवा संस्थान, भीमखांदा सेवा ट्रस्ट, कोल्हान इन्फ्रास्ट्रक्चर, टाटा स्टील यूआईएसएल और राजनगर स्वास्थ्य केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर में चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र जांच एवं रक्तदान की सुविधा उपलब्ध कराई। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी दी गईं।

 

बारिश के मौसम को देखते हुए टाटा स्टील यूआईएसएल की ओर से ग्रामीणों के बीच रेनकोट और छाते का वितरण किया गया, जिससे उपस्थित लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की और कंपनी का आभार जताया।

 

ट्रस्ट के सचिव गोपाल महतो एवं अध्यक्ष रुद्र प्रताप महतो ने रक्तदान को “महादान” बताते हुए कहा कि रक्तदान से कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह रक्त को शुद्ध करता है और इसकी पूर्ति 24 घंटे में हो जाती है। उन्होंने लोगों से भ्रांतियां दूर कर रक्तदान में आगे आने की अपील की।

 

उपलब्धियां: रक्तदान – 50 यूनिट, स्वास्थ्य जांच – 285 लाभार्थी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *