Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर के लकड़कोचा मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो हवा में उछलकर 50 फीट दूर गिरी, बाल-बाल बचे चालक समेत दो लोग  

 

 

सरायकेला। राजनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लकड़कोचा मोड़ पर गुरुवार की दोपहर करीब 2:20 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज़ रफ्तार स्कॉर्पियो (संख्या JH05EA-5521) अचानक हवा में उछल गई और रोल होते हुए करीब 50 फीट दूर जा गिरी। गनीमत रही कि हादसे में चालक अमित रंजन समेत वाहन सवार दोनों लोग सुरक्षित बच गए।

 

चालक अमित रंजन ने बताया कि मोड़ पर अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो हवा में उछलकर दूर जा गिरी। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। अमित रंजन ने बताया कि उनका रुंगटा में ट्रांसपोर्टेशन का व्यवसाय है। हाईवा वाहन में खराबी आने पर उसे दुरुस्त कर वे चाईबासा से जमशेदपुर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटित हो गई।

हादसे की तेज़ आवाज़ सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन अत्यधिक रफ्तार में था, जिसके कारण चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और यह घटना हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाता–चाईबासा मुख्य मार्ग “दुर्घटनाओं का गढ़” बन चुका है। आए दिन इस मार्ग पर हादसे होते रहते हैं। खासकर लकड़कोचा मोड़ की तीखी घुमावदार संरचना के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएँ होती हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मोड़ पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा इंतज़ाम किए जाएँ, अन्यथा कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *